कोपागंज थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बेकाबू टेंपो पलटने घायल होकर अस्पत?
- फोटो : MAU
कोपागंज। थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज के सामने मंगलवार की सुबह सवारियों से भरा एक टैंपो सड़क अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में फंसकर पलट गया। जिससे टैंपो में बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि युवती सहित दो अन्य घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कोपागंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे सवारियों से भरी एक टैंपो कोपागंज कस्बा से मऊ जा रहा था। अभी वह कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचा था कि चालक की लापरवाही से टैंपो बेकाबू होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में फंसकर पलट गया। जिससे तहसील जा रहे कोपागंज थाना क्षेत्र के काछीकला निवासी सुदामा निषाद 56 पुत्र चंद्रदेव की मौत हो गई, वहीं दोस्तपुरा निवासी छठ्ठू सोनकर 25 पुत्र राजेंद्र और कमला 18 पुत्री निखई घायल हो गई। घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए दोनों घायलों को सीएचसी लाकर भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति देेखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि टैंपो में सवार अन्य सात सवारियों को मामूली रूप से चोटें आई, जो प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गये।
तारीख पर तहसील जा रहा सुदामा, रास्ते में आ गई मौत
कोपागंज। कस्बे के ओडियाना बाजार में मिठाई की दुकान चलाने वाला सुदामा निषाद मंगलवार को पुराने में मामले में तारिख पड़ने पर कचहरी जाने के लिए ऑटो में सवार था। हादसे के बाद मृतक के चारों लड़के प्रमोद, विजय प्रताप, आशीष, अविनाश और पत्नी मुुुन्नी देवी को रो रोकर बुरा हाल था। उधर सुदामा की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में गांव के लोग भी पोस्टमार्टम हाऊस पर एकत्रित होकर परिजनों को ढाढंस बंधाते रहे।