मऊ। नवरात्र से पहले पुलिस विभाग की ओर से मिशन शक्ति फेज-5 की शुुरुआत की है। पहले दिन सोमवार को चारों क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में 12 थानों की एंटी रोमियो की टीम सड़क पर उतरी। नारी सुरक्षा, सम्मान की निगरानी की। शोहदों से पूछताछ कर, अनावश्यक घूमने वालों से बंधपत्र भरवाया और परिजनों के आने पर चेतावनी देकर छोड़ दिया।
घोसी संवाददाता से मिली जानकारी के अनुसार सीओ जितेंद्र सिंह और कोतवाल प्रमेंद्र सिंह के नेतृत्व में एंटी रोमियो और महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली निकाली। बाइक रैली कोतवाली परिसर से निकलकर जुलूस निकाल कर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए सर्वोदय पीजी कॉलेज घोसी पहुंची। जहां कॉलेज की छात्राओं को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। जितेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उनके हितों की रक्षा के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं। जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में किस प्रकार वे बिना संकोच के सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग मदद करने के लिए कर सकती हैं।
छात्राओं को समझाया कि अक्सर भय या जानकारी के अभाव में वो मदद मांगने से हिचकिचा जाती हैं। 1090 महिला हेल्पलाइन, 181 महिला सहायता हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा आदि की जानकारी दी। इस दौरान प्रोफेसर वंदना पांडेय, उपनिरीक्षक ऋचा सोनी, जशोदा, कविता, अनुभा, डा. अमरजीत, डीडी राय, रामभवन यादव, महेश कुमार, राहुल सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
इनसेट
कॉलेज में पहुंचकर छात्राओं को सतर्क किया
फतेहपुर मंडाव संवाददाता के अनुसार रामपुर थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में पहुंचकर एंटी रोमियो की टीम ने पहुंचकर छात्राओं को नारी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया। थानाध्यक्ष कंचन मौर्य ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और समाधान बताया। इसके साथ ही घर से कॉलेज तक रास्ते में उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। आसपास घूम रहे संदिग्धों से पूछताछ की।
कुसुम्हा संवाददाता के अनुसार दोहरीघाट थाना की एंटी रोमियो की टीम ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं युवतियों को जागरूक किया। मुक्तिधाम प्राथमिक विद्यालय और कई कॉलेजों में पहुंचकर छात्राओं से बातचीत की और सरकार द्वारा चलाए गए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
मुहम्मदाबाद गोहना संवाददाता के अनुसार महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकार के लिए जागरूक करने और सुरक्षा को प्राथमिकता आदि को लेकर सोमवार को पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली निकाली। रैली कोतवाली परिसर से निकलकर इदारतगंज, विजय चौक, अतरारी चुंगी, कैलेंडर तिराहा, रोडवेज होते हुए वापस कोतवाली परिसर में पहुंची। रैली को सीओ शीतला प्रसाद पांडेय और कोतवाल केके वर्मा ने हरी झंडी दिखाई। एंटी रोमियो की टीम ने पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज
सहित कई स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
इनसेट -
एंटी रोमियो टीम ने अनावश्यक घूम रहे 15 लोगों को पकड़ा
मुहम्मदाबाद गोहना। अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने सोमवा को कोतवाली क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग किया। इस दौरान कॉलेजों के पास अनावश्यक घूम रहे 15 शोहदों को पकड़ा। सभी को कोतवाली लाया गया। बाद में उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में किसी भी प्रकार के गलत हरकत न करने का बंधपत्र भरवाकर छोड़ दिया गया। कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि कस्बा के सार्वजनिक स्थानों, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, रेलवे स्टेशन पर एंटी रोमियो टीम विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध और आवश्यक रूप से घूम रहे युवकों को पड़कर कोतवाली लाई थी।