भारतीय हॉकी खिलाड़ी---राजकुमार पाल। स्रोत- परिजन
करमपुर स्थित मेघबरन सिंह स्टेडियम के मिडफील्डर और पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को अर्जुन अवाॅर्ड दिए जाने की घोषणा से जिले में खुशी की लहर है। राजकुमार पाल गाजीपुर जिले के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्हें अर्जुन अवाॅर्ड मिल रहा है। मंगलवार को केंद्रीय खेल एवं युवा मंत्रालय ने इसकी घोषणा की है।
मेघबरन सिंह स्टेडियम के निदेशक एवं पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि को करमपुर के ग्रामीण खेल मॉडल की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री की खेल नीति और सहयोग ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया है। राधे मोहन सिंह ने कहा कि स्टेडियम के संस्थापक स्वर्गीय ठाकुर तेज बहादुर सिंह (तेजू भैया) के निधन के बाद स्टेडियम परिवार के सामने कठिन परिस्थितियां आईं। ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से काफी संबल मिला। पेरिस ओलंपिक में पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री स्वयं राजकुमार पाल के यहां करमपुर पहुंचे थे। उन्होंने राजकुमार को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी का पद और एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देकर प्रोत्साहित किया था। कहा कि राजकुमार पाल को अर्जुन अवाॅर्ड मिलना केवल एक खिलाड़ी की उपलब्धि नहीं, बल्कि गाजीपुर की ग्रामीण खेल प्रतिभाओं की पहचान है।