डॉ. अनिल कुमार राय बने महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति
- फोटो : 1
जनपद के सुल्तानपुर उर्फ बनौरा निवासी डॉ. अनिल कुमार राय को महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी नियुक्ति को क्षेत्रवासियों ने जनपद और समाज के लिए गौरव का विषय बताया है। डॉ. अनिल कुमार राय ने प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय रैनी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डीएवी से शिक्षा ग्रहण की और वर्ष 1994 में दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने हिंदी और पत्रकारिता में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
वर्ष 1999 में उन्होंने पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद रायपुर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग के अध्यक्ष रहे। आगे उन्होंने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दीं। डॉ. राय महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के कुलपति के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वह वर्तमान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर, राजस्थान के कुलपति थे। अब उन्हें महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्रवासियों, शिक्षाविदों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।