चौपाल में ड्रेस वितरण की जानकारी लेते डीएम निखिलचन्द्र शुक्ला।
- फोटो : mau
प्रदेश सरकार की मुहिम ‘सशक्त गांव विकसित प्रदेश’ के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल चन्द्र शुक्ला ने विकास खंड रानीपुर के मठिया, भवनपुरा, अस्सी आदि गांवों में चौपाल लगाकर जनता की समस्याओं को सुना। चौपाल में एक तरफ जहां ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण किया गया, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं से अवगत कराया। इस दौरान डीएम ने लोगों पर मीटर लगवाने पर जोर डाला। कहा इससे आप लोगों को 20 घंटे बिजली मिलेगी। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अभियंता को आदेश दिया कि वो ग्राम सभा रानीपुर, फतेेहपुर, किन्नूपुर, मण्डुसरा बुजुर्ग में मीटर लगावाने का काम शुरू करें। इस दौरान अनुपस्थित एक्सईएन लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर दोनों का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया।
चौपाल में डीएम ने हौसला पोषण मिशन योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को पका-पकाया भोजन न मिलने पर प्रभारी डीसीपीओ रानीपुर तथा सुपरवाईजर ग्राम सभा अस्सी भवन से स्पष्टीकरण तलब किया। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने पशु चिकित्साधिकारी को शिविर लगाकर टीकाकरण करने का आदेश दिया। इसी क्रम में उन्होंने सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों को आदेश दिया कि वो मरीजों को बाहर की दवाएं न लिखें। साथ ही तत्काल महिला डाक्टर को समय से अस्पताल में उपस्थित होने का आदेश दिया।
कहा भविष्य में पुन: इस बात की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पात्र गृहस्थी की समस्या का निस्तारण करने के लिए उन्होंने 24 सितंबर को खुली बैठक कराकर पात्रों का नाम सम्मिलित करने को कहा। डीएम ने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी समाजवादी पेंशन, विकलांग, वृद्धा व विधवा पेंशन के लिए पात्रों का नाम सूची में शामिल करने को कहा।