मऊ जिले की घोसी कोतवाली पुलिस ने 50 हजार के इनामी अपराधी और असलपुर ग्राम प्रधान मुन्ना बागी की हत्या के मुख्य आरोपी गांव के ही राहुल सिंह के घर की चल संपत्ति कुर्क करने के लिए नोटिस चस्पा किया है। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर 2019 को गांव स्थित शिव मंदिर के पास प्राइमरी पाठशाला के सामने पोखरी की नीलामी के दौरान अपराधी राहुल सिंह ने असलपुर ग्राम प्रधान मुन्ना बागी को नौ गोलियां मारी थीं। इसमें प्रधान की मौके पर मौत हो गई थी।
इस मामले में राहुल सिंह नामजद हुआ, लेकिन वह तब से फरार है। थानाध्यक्ष रूपेश कुमार सिंह ने बताया कि राहुल सिंह के खिलाफ थाना कोपागंज, कोतवाली घोसी व चिरैयाकोट में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।