प्रधान पद और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए तीसरे चरण के चुनाव को लेकर शनिवार को रानीपुर ब्लाक एवं मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में नामांकन दाखिल किए गए।
तीसरे चरण के पर्चा दाखिला के पहले दिन पूरे लाव लश्कर के साथ पहुंचे प्रधान प्रत्याशियों ने गर्मजोशी के साथ पर्चा दाखिल किया। नामांकन के पहले दिन कुल 1203 ग्राम प्रधान व सदस्यों ने नामांकन किया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिये क्षेत्राधिकारी व कोतवाल के आलावा आधा दर्जन सब इंस्पेक्टर व कांस्टेबल तैनात किये गये थे। नामांकन के दौरान आये हजारों समर्थकों की मौजूदगी के चलते मऊ आजमगढ़ रोड पर पूरे दिन जाम लगा रहा। वही रानीपुर ब्लाक परिसर भी खचाखच भरा रहा।
ग्राम पंचायत के तीसरे दौर के लिये शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना व रानीपुर ब्लाक पर नामांकन कार्य शुरू हो गया। ग्राम पंचायत प्रधान के कुल 83 पदों के लिये पहले दिन 406 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।
इसके आलावा 1015 सदस्य पद के लिये 196 पर्चे दाखिल किये गये। नामांकन के दौरान पुलिस की चुस्त व्यवस्था के चलते ब्लाक परिसर में केवल प्रत्याशियों व उनके एक समर्थक को ही प्रवेश दिया गया जिसके कारण ब्लाक में पूरे दिन शांति तो बनी रही लेकिन प्रत्याशियों के हजारों समर्थको के चलते ब्लाक के बाहर रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस को जाम हटाने को लेकर काफी मशक्कत करनी पडी़ ब्लाक गेट के बाहर समर्थकों की भीड़ पूरे दिन बनी रही। हालांकि देर शाम सात बजे तक भदीड़, शमसाबाद, भुजहीं आदि न्याय पंचायत के गावों में पर्चा दाखिल करने को लेकर लाइन लगी हुई थी।
रानीपुर ब्लाक में 92 पदों के लिए पहले दिन 435 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। सदस्य के 1166 पदों के लिए 156 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। सुबह से ही जमावड़ा शुरू हो गया।