घोसी (मऊ)। सरकार की तरफ से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य (एसआईआर) में सहयोग नहीं करने के मामले में घोसी ब्लाॅक क्षेत्र के नौ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के लिए चेतावनी पत्र जारी किया है। साथ ही तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उदासीनता बरत रही हैं। शिकायत मिलने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी घोसी राधेश्याम पाल ने शनिवार को घोसी ब्लाॅक क्षेत्र के विभिन्न गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में हाजीपुर गांव की गायत्री, शीला, रीता यादव, कल्यानपुर की आशा, खानपुर खुर्द की रंजना, अवरना की अंजुम आरा, नदवल की सुधा चौहान, उर्मिला, खत्रीपार की सुशीला चौहान विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कार्य में सक्रिय सहयोग नहीं किया जाना पाया। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने लापरवाह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय रोकने के लिए चेतावनी पत्र जारी किया है। इस बाबत बाल विकास परियोजना अधिकारी राधेश्याम पाल का कहना था कि राष्ट्रीय कार्यक्रम में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तीन दिन के अंदर संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।