सितंबर महीने के आखिरी सप्ताह में नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में तीखी धूप और उसम से लोग परेशान रहे। 24 घंटे में तापमान एक डिग्री बढ़ गया। अधिकतम तापमान जहां 34 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गर्मी और उमस से पूरे दिन लोग परेशान रहे। बार-बार बिजली कटौती ने लोगों की समस्याएं बढ़ा दीं। तेज धूप होने से खेतों में नमी तेजी से कम हो रही है। इससे धान की फसलों में झुलसा का प्रकोप बढ़ने अंदेशा बढ़ गया है।
शुक्रवार सुबह से ही लोग तेज धूप से हलकान रहे। बादल छाए रहे, लेकिन उमस कम नहीं हुई। धूप छांव होता रहा। दोपहर में तेज गर्मी से राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने मेें परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम गर्म होने से दिन भर शहरवासी परेशान रहे। बिजली अप डाउन होने से गर्मी और उमस के बीच ए-एक पल बिताना मुश्किल हो रहा था। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप से खेतों में नमी तेजी से गायब हो रही है। धान की फसल के लिए तापमान अधिक होने से किसानों को धान की फसल पर ध्यान देने की जरूरत है। खेतों में नमी बनाए रखें। नमी कम होने पर झुलसा रोग के फैलने की अंदेशा है। फसल में रोग लगने पर नजदीक के कृषि विशेषज्ञ से संपर्क कर दवा का छिड़काव किया चाहिए। -
डॉ. विनय कुमार सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक,कृषि विज्ञान केंद्र