औकाफ (वक्फ) की सुरक्षा अभियान के तहत ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने तीन अक्तूबर को देशव्यापी बंदी की घोषणा की है। बोर्ड ने इस दिन मुस्लमानों से दोपहर 2 बजे दुकान, कार्यालय बंद रखने की अपील की है। बोर्ड के सदस्य मौलाना जमाल अहमद नदवी ने कहा कि वक्फ संपत्तियां मुसलमानों की साझा मिल्ली अमानत हैं, जिनकी सुरक्षा करना हर मुसलमान का धार्मिक और राष्ट्रीय कर्तव्य है। भारत सरकार के वक्फ संपत्तियों से जुड़े नए कानूनों का मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड विरोध करता है। बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहा कि बोर्ड हिंदुस्तान के मुसलमानों का संयुक्त मंच है, जिसमें शिया, सुन्नी, अहले हदीस और बोहरा जमात सहित सभी संप्रदायों के प्रतिनिधि शामिल हैं। वक्फ की सुरक्षा केवल मुसलमानों का ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय धरोहर की रक्षा का भी प्रश्न है।