मालव गांव में बारिश में गिरा कच्चा मकान।संवाद
वलीदपुर । क्षेत्र के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत मालव गांव में बुधवार देर शाम मूसलाधार बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर जमींदोज हो गया। इस हादसे में मकान के भीतर रखा खाने-पीने का सारा सामान और गृहस्थी का अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने सिर छिपाने और जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है।
मालव गांव निवासी मुसाफिर राजभर ने बताया कि उनका कच्चा मकान बुधवार शाम करीब 7 बजे लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक धराशायी हो गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त घर के अंदर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। इससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मकान ढहने से अंदर रखा राशन, खाने-पीने की सामग्री और घरेलू उपयोग का सारा सामान मलबे में दब गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। इस घटना से प्रभावित परिवार सदमे में है और उनके सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर हुए नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित परिवार को तत्काल उचित आर्थिक सहायता व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए।