अमिला। घोसी कोतवाली क्षेत्र के अमिला-बोझी मार्ग पर मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक राजेश गिरि की मौत हो गई। हेलमेट पहने होने के बावजूद उनकी जान नहीं बची। माधोपुर पटखौली निवासी राजेश गिरि (33) अपने घर लौट रहे थे। मुजार बुजुर्ग पेट्रोल पंप के समीप चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेश सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
विज्ञापन
उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, साथ ही पैर भी फ्रैक्चर हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल राजेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़रांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है।