वलीदपुर (मऊ)। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के जमालपुर करहां रोड निवासी महिला ने बुधवार को कोतवाली पुलिस को पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों-एजेंट को आरोपित करते हुए तहरीर दी। महिला ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों और एजेंट ने मिलीभगत से उनके खाते से दो किस्तों में पांच लाख रुपये से ज्यादा की राशि निकाल लिया है। महिला ने इस संबंध में हेड पोस्ट ऑफिस तथा लखनऊ के आला अधिकारियों को भी पत्र भेजकर अवगत कराया है।
तहरीर में फरियादी गीता देवी पत्नी मनोज कुमार ने बताया कि उसका मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में स्थित उप डाकघर में में खाता है। गत दिवस वह खाते से रुपये निकालने पोस्ट आफिस गई। तो उसके पोस्ट ऑफिस के कर्मचारी ने उसके खाते में रुपये कम होने की बात कही। जब महिला ने खाते की जानकारी करने पर पता चला की पोस्ट ऑफिस कर्मियों और एजेंट की मिली भगत से बीते 14 मार्च को 3 लाख 60 हजार रुपये उसके खाते से किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए हैं।
इसी प्रकार बीते 16 जुलाई को इनके खाते से 1 लाख 70 हजार बिना इनकी जानकारी और हस्ताक्षर के निकाल लिए गए। महिला ने पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों तथा एजेंट पर मिली भगत का आरोप लगाते हुए मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के साथ चीफ पोस्ट मास्टर जनरल लखनऊ, मंडलायुक्त आजमगढ़, जोनल ऑफिस गोरखपुर, जिलाधिकारी मऊ, पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा। वहीं इस बाबत उप डाकपाल मुहम्मदाबाद गोहना राम दुलार का कहना है कि मामले से संबंधित प्रार्थना पत्र मिला है। जिसकी जांच करवाई जा रही है।