मधुबन थाना क्षेत्र के गजियापुर बंधा चट्टी पर रविवार की रात एक किराना की दूकान में आग लग गई। इससे नगदी सहित सात लाख रुपये के सामान जलकर राख हो गए।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। दूकानदारों ने मनबढ़ों पर आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए परसिया-गजियापुर मार्ग पर जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर किसी प्रकार लोगों को शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मधुबन थाना क्षेत्र के गजियापुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामाशीष की गजियापुर बंधा चट्टी पर किराना की दुकान है। वह रविवार की रात अपनी दुकान बंद करके घर चला गया। रात में अज्ञात मनबढ़ किस्म के कुछ लोगों ने दुकान का पटरा तोड़कर उसमें आग लगा दी।
इससे दुकान में रखा सात हजार रूपया नगद, गेहूं, चावल, आटा, चना, तेल, साबुन, क्रीम, फ्रीज सहित सभी सामान जलकर राख हो गए। क्षति का अनुमान सात लाख रूपया बताया जा रहा है। दुकान के बगल में ही एक पटरा निकला हुआ दूर पड़ा था।
इससे स्पष्ट भी हो रहा है कि दुकान में किसी व्यक्ति द्वारा पटरा निकालकर खुन्नसवश उसमें आग लगाई गई है। इस बात को लेकर सुबह सभी दुकानदार इकट्ठा हुए और परसिया-गजियापुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पाकर मौके पर थानाध्यक्ष हवलदार यादव पहुंचे और दुकानदारों को समझा बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जाम सुबह आठ बजे से लेकर 10 बजे तक चला। जाम करने वालों में मुख्य रूप से ओमप्रकाश, बलेश्वर, टिंकल तिवारी, बांके प्रसाद, विनोद आदि शामिल रहे।