रतनपुरा। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास उसी गांव के निवासी कबाड़ व्यवसायी पूर्व प्रधान की ट्रक के धक्के से मौत हो गई। वे रतनपुरा बाजार में कबाड़ का व्यवसाय करते थे। घटना बुधवार की देर शाम दस बजे की बलिया लखनऊ स्टेट हाइवे पर मुबारकपुर चौहानमोड़ की है। घटना के समय से दुकान बंद करके बाइक से अपने घर जा रहे थे। मुबारकपुर गांव के चौहान बस्तीमोड़ के पास पहुंचते ही बलिया की ओर जा रही एक ट्रक ने इन्हें जोरदार धक्का मार दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूर्वप्रधान की सड़क हादसे में मौत से गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक की पत्नी भी गांव की प्रधान रही हैं।
मुबारकपुर गांव निवासी शिवबहादुर चौहान 50 गांव के प्रधान रहे चुके हैं। वे रतनपुरा बाजार में कबाड़ का व्यवसाय करतेेे थे। रोजाना की तरह वे देर शाम को दुकान बंद करके बाइक से अपने घर के लिए चले। जब वे अपने गांव के पास चौहान बस्ती जाने वाले मोड़ पर पहुंचे ही थे कि बलिया की ओर से तेज गति से आ रही ट्रक ने जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बाइक सहित सड़क पर गिर गए। कुछ देर बाद गांव का कोई राहगीर उधर गुजरा तो पूर्व प्रधान को लहूलुहान हाल में देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोग भी आ गए।
इसी पास की बस्ती के एक व्यक्ति ने बताया कि एक ट्रक बलिया की ओर से तेज से आया। उसने बताया कि चालक पहले से ही ट्रक पर काबू नहीं रख पा रहा था और इधर उधर करके वाहन चला रहा था। संभवत: उसी ट्रक की ठोकर से पूर्वप्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने पूर्व प्रधान के परिवार वालों को घटना की सूचना दी। परिवार के लोग आनन फानन में घायल पूर्व प्रधान को सीएचसी ले गए। लेकिन वहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान की असामयिक मौत से गांव का माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी लालपती रो रोकर बेहाल हो गईं। इनके चार बेटे और दो बेटियों का रो रोकर बुरा हाल था। इस बाबत एसओ रुपेश कुमार सिंह का कहना है कि आरोपी वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है।