घोसी। अखिल भारतीय किसान सभा एवं भारतीय खेत मजदूर यूनियन ने एसडीएम घोसी आशुतोष कुमार राय को राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक सौंपा। पत्रक में नौ सूत्रीय मांग की गई। सौंपे गए पत्र के अनुसार आपत्तिजनक कृषि जन विरोधी अध्यादेश को वापस करने, कोरोना से पीड़ित लोगों को प्रति माह 7500 रुपये छ: माह तक एवं 10 किलो राशन प्रत्येक परिवार को मुहैया कराने की मांग की गई।
वहीं मनरेगा में सभी योग्य ग्रामीण मजदूरों को 200 दिनों का काम और 600 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने, इसके अलावा वैकल्पिक काम देने या बेरोजगारी भत्ता देने की मांग की। साथ ही डीजल-पेट्रोल के बढ़े दामों को वापस करने की मांग की गई। किसान नेता शेख हिसामुद्दीन ने कहा कि किसान सबसे अधिक परेशान है। उसके ऊपर विवादित अध्यादेश जारी कर उसके साथ केंद्र की भाजपा की जनविरोधी सरकार और परेशान कर रही है। किसान सम्मान निधि के नाम पर ऊँट के मुह में जीरा सहायता दे रही है। उसको अधिक किया जाय।इस मौके पर अनीस अहमद, इकराम, सुधाकर यादव ,जयराम यादव, जनार्दन यादव, उदयी राय आदि उपस्थित रहे।