मऊ। जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अप्रैल की अपेक्षा मई में कई विभागों के प्रदर्शन में गिरावट आई है। शासन स्तर पर मई में हुई विभागीय कार्यों की रैंकिंग में जिला को 75वीं रैंक मिली है। 12 कार्यों में ए, सात कार्यों में बी और 29 कार्यों में जिले को डी ग्रेड मिला है। रैंकिंग में निराशाजनक स्थिति पर चिंता जताते हुए सीडीओ ने फिसड्डी विभागों को चेतावनी नोटिस जारी किया है। जबकि अप्रैल महीने में जिले को 45वीं रैंक मिली थी।
अनलाक के बाद शासन स्तर पर विभागीय कार्यों का मूल्यांकन किया जा रहा है। मई में हुए मूल्यांकन में प्रधानमंत्री सम्मान निधि में किसानों का डाटा फीड करने, कन्या सुमंगला योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल मिशन, ग्रेड कांपीटेंसी ( लर्निंग आउटकम प्राप्ति आकलन के लिए संपन्न हुई परीक्षा का परिणाम), आपरेशन कायाकल्प योजना, कन्या सुमंगला योजना में प्राप्त आनलाइन आवेदनों के अग्रसारित करने का प्रतिशत, निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त लंबित आवेदनों के निस्तारण, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर वर्ष 2019-20 तक कुल लक्षित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की संख्या के सापेक्ष क्रियाशील किए गए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की संख्या का प्रतिशत सहित 12 प्रमुख कार्यों में संबंधित विभागों का प्रदर्शन बेहतर रहा और इसमें जिले को ए ग्रेड मिला है।
सहकारी देयों की एनपीए की वसूली, दुग्ध समितियों का गठन एवं पुनर्गठन, मुख्यमंत्री निराश्रित बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना, निराश्रित गो वंश को संरक्षित करने, निराश्रित गो वंश की अनुमानित के सापेक्ष संरक्षित गो वंश का प्रतिशत, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, हैंडपंपों का रिबोर मरम्मत लक्ष्य के सापेक्ष रिबोर का प्रतिशत सहित सात प्रमुख कार्यों में संबंधित विभागों को बी ग्रेड मिला है।
इसी क्रम में आईसीडीएस मनरेगा, पंचायतीराज एवं आईसीडीएस विभाग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, सहकारी देयों के एनपीए की वसूली, सहकारी देयों की वसूली का प्रतिशत, हैंडपंपों की रिबोर, लक्ष्य के सापेक्ष रिबोर का प्रतिशत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान गोल्डेन कार्ड) कुल लाभार्थियों की संख्या के सापेक्ष बनाए गए गोल्डेनकार्ड की संख्या सहित 25 प्रमुख कार्यों में विभागों के कार्य निराशाजनक रहे हैं। इन कार्यों में जिले को डी ग्रेड मिला है।
मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा ने रैंकिंग में फिसड्डी साबित हुए विभागों को चेतावनी नोटिस जारी करते हुए कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।
जिन विभागों के कार्यों की रैंकिंग निराशाजनक हैं, उनके अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है। सुधार न होने पर संबंधित विभाग के कार्यों की समीक्षा कर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-राम सिंह वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, मऊ।