घोसी नगर के बड़ागांव, करीमुद्दीनपुर से पकड़े गए गौ तस्करों और उनके पास से बरामद उपकरण।
- फोटो : MAU
घोसी। कोतवाली पुलिस ने रविवार को नगर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर बिना लाइसेंस से संचालित हो रहे स्लाटर हाऊस का पर्दाफाश किया। इस दौरान पांच लोग गिरफ्तार किए गए तो वहीं आठ मवेशियों के साथ मांस काटने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
पुलिस को मिली इस सफलता का खुलासा सीओ घोसी अभिनव कन्नौजिया ने कोतवाली परिसर में रविवार को प्रेसवार्ता कर किया। क्षेत्राधिकारी बताया कि नगर के साथ आसपास के क्षेत्रों में संचालित इन बूचड़खानों की शिकायत काफी दिनों से मिल रही थी। जिस पर मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक घोसी परमानंद मिश्र के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ागांव के साथ करीमुद्दीनपुर गांव में शनिवार की रात छापा मारा और दोनों स्थानों से चार भैंस, दो गाय और दो बछड़े बरामद किए। इसके अलावा पांच चापड़, पटरा, तराजू , बटखरा आदि बरामद किए गए। पुलिस ने बड़ागांव निवासी शाहिद कुरैशी पुत्र मुमताज कुरैशी, इम्तेयाज अहमद, जुल्फेकार कुरैशी पुत्रगण मोहम्मद युसूफ, मोहम्मद राशिद पुत्र मुमताज और गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के लालगंज कसाब टोला निवासी मोहम्मद समाल पुत्र इश्तेयाक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों का संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस को पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह मवेशियों को काटने के बाद उसके मांस को वाहनों में लादकर अन्य स्थानों पर सप्लाई करते थे।