हलधरपुर। थाना क्षेत्र के पहसा गांव में कुछ मनबढ़ युवकों ने शुक्रवार की रात्रि में घर जा रहे एक व्यापारी को मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही उसका रुपया और मोबाइल छीन लिया। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह हलधरपुर थाने पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस को दिया। पुलिस कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित को थाने में बैठा ली। साथ ही दूसरे दिन उसका शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
पहसा गांव निवासी मुमताज शुक्रवार को पहसा बाजार से रात्रि में साढे़ नौ बजे घर जा रहा था। आरोप है कि उसके गांव के ही कुछ मनबढ़ युवकों ने उसे मारपीटकर घायल कर दिया। साथ उसका 31 हजार रुपया और मोबाइल छीन लिए। पीड़ित ने घटना के बाबत थाना हलधरपुर में प्रार्थना पत्र दिया। लेकिन पुलिस उल्टे उसे प्रताड़ित करते हुए जेल में बंद कर दिया। शनिवार को पीड़ित का ही शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। जमानत पर छूटने के बाद मुमताज ने बताया कि वह 31 हजार रुपये लेकर घर जा रहा था। रास्ते में मनबढ़ों ने उसे मारपीटकर उसे घायल कर पैसा और मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग किया है। थानाध्यक्ष हलधरपुर डीके श्रीवास्तव ने बताया कि लूट की कोई घटना नहीं हुई है। मामला झूठा है। मुमताज ने शराब के नशे में एक व्यक्ति का वाहन तोड़ दिया। उसी से बचने के लिए झूठा आरोप लगा रहा है।