छपरा में ताप्ती गंगा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद मऊ स्टेशन पर जानकारी लेते यात्री।
- फोटो : mau
छपरा स्टेशन के पास ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के बेपटरी होने के चलते ट्रेनों के रुटों में परिवर्तन किया गया। इसके अलावा शाहगंज वाया मऊ होकर छपरा जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया गया। इतना ही नहीं आधा दर्जन ट्रेनों के रुटों में परिवर्तन किए जाने से कई ट्रेने, मऊ होकर गुजरीं। 80 यात्रियों ने अपना आरक्षण कैंसिल कराया।
रविवार को छपरा से चलकर बलिया होते हुए वाया मऊ होकर सूरत को जाने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। इसके चलते यह रुट बाधित हो गया। इसका परिणाम रहा कि शाहगंज से छपरा के बीच मऊ होकर चलने वाली पैसेंजर एक्सप्रेस को रेलवे ने निरस्त कर दिया। डेली टाटा नगर से छपरा मऊ होते हुए फर्रुखाबाद को जाने वाली उत्सर्ग एक्सप्रेस और किशनगंज से चलकर छपरा मऊ होते हुए अमृतसर को जाने वाली सरयु यमुना एक्सप्रेस के रुट में परिवर्तन किया गया। इस दौरान दोनों ट्रेनें छपरा बलिया न जाकर भटनी इंदारा होते हुए मऊ पहुंचेगी। इसीक्रम में बलिया से गाजीपुर होकर दिल्ली को जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के रुट में परिवर्तन किया गया।
यह ट्रेन भी भटनी से इंदारा मऊ होते हुए गुजरी।
बलिया सियालदह एक्सप्रेस भटनी होकर छपरा गई। बताते चले ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का मऊ जंक्शन पर पहुंचने का समय सुबह के 11.35 बजे है। तय समय पर ट्रेन के न आने पर लोगों ने जब कारण को जाना तो रेलवे से उन्हे पता चला कि ट्रेन बेपटरी होने के कारण निरस्त कर दी गई है। वाणिज्य अधिकारी श्रीराम सिंह मीणा ने बताया कि इस दौरान 80 आरक्षण के टिकट तथा 150 जनरल टिकट वापस किए गए। स्टेशन अधीक्षक दादन राम ने बताया कि ताप्ती गंगा के निरस्त होने और छपरा बलिया रुट बाधित होने पर यहां गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ गई थी।