मऊ के रतनपुरा से ब्लॉक प्रमुख सरिता राजभर ने अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर गंभीरता दिखानी शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को प्रमुख प्रतिनिधि कृष्णा राजभर ने क्षेत्र के इटैली, नसीराबाद खुर्द सहित विभिन्न गावों में सड़कों एवं पेयजल का हाल जाना।
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कृष्णा राजभर ने कहा कि क्षेत्र में सड़कें, बिजली, पानी की स्थिति को सुदृढ़ कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। कार्ययोजना बनाकर तत्काल कार्य शुरू कराया जाएगा। कहा, रतनपुरा क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर हम जल्द ही ऊर्जा मंत्री को पत्र के जरिये अवगत कराएंगे। जल्द ही दिव्यांगों को उपकरण दिलाने के लिए एक कैंप लगाया जाएगा। कहा कि भीमपुरा मार्ग की खस्ताहाल के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से वार्ता हुई है। शीघ्र ही उस पर कार्य शुरू किया जाएगा।