महिला की मौत पर घर के बाहर जुटे लोग। संवाद
- फोटो : संवाद
घोसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी बुजुर्ग गांव में शनिवार की दोपहर 12 बजे आरती राजभर (26) का शव फंदे से लटकता मिला। जेठानी के पांच साल के बेटे आकाश ने देखा तो चिल्लाया चाची को बचाओ। परिजन दरवाजा तोड़कर जब तक अंदर गए, आरती की मौत हो चुकी थी। सीओ घोसी ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भेज दिया।
पड़ोसियों ने बताया कि चार दिन से लगातार घर में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था। दोपहर 12 बजे आकाश ने टीवी चालू करने के लिए चाची आरती को कई बार आवाज लगाई। उत्तर नहीं मिलने पर कमरे के पास गया और झांककर देखा तो आरती का शव साड़ी के फंदे से पंखे के हुक से लटक रहा था। आरती की बहन चंद्रकला का उसी गांव में 500 मीटर दूरी पर घर है। उन्होंने बताया कि डेढ़ साल पहले बहन की शादी उन्हीं ने मनोज राजभर से कराई थी। मनोज गुजरात में रहकर काम करता है। पति के साथ जाने की बात पर ससुराल के लोग झगड़ा करते रहते थे। मनोज कुछ दिन में आरती को लेकर गुजरात जाने वाला था, इसी बात को लेकर बीते चार दिन से घर में झगड़ा चल रहा था। कलह से तंग आकर आरती ने आत्महत्या कर ली है। बताया कि घटना से पहले उसने मायके में फोन करके बात की थी और ये सारी बातें बताई थीं। इससे पहले प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह एवं अपराध निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने घटना से संबंधित जानकारी ली। जबकि सीओ जितेंद्र सिंह एवं नायब तहसीलदार अमरनाथ यादव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की।
दो माह में महिलाओं के आत्महत्या करने का चौथा मामला
घोसी कोतवाली क्षेत्र में महिलाओं के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की चौथी घटना है। 21 अक्तूबर को कल्यानपुर में मायके आई विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी थी। तीन दिन पहले माछिल गांव में नवविवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी थी। जबकि बलुआ पोखरा गांव में भी महिला ने फंदा लगाकर जान दी है।
पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने शव को नीचे उतार लिया था। अभी तक किसी तरह की तहरीर नहीं मिली है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है। शिकायत मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।- जितेंद्र सिंह, सीओ, घोसी