मऊ। श्रद्घा तथा भक्ति का पर्व मकर संक्रांति का पर्व शनिवार को नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जगह-जगह मेला का आयोजन किया गया। नगर के तमसा एवं दोहरीघाट के सरयू नदी के पवित्र तटों पर भोर से ही श्रद्धालुुओं का तांता लगा हुआ था। लोगों ने नदी में डूबकी लगाने के साथ ही दान-पुण्य भी किया। वहीं नगर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले में अपार जनसमूह उमड़ा। साथ ही मंदिरों में पूजन अर्चन करने के लिए लोगों की खासी भीड़ रही। इस अवसर पर लोगों ने तिल, लाई, गुड़ चूरा खाकर त्योहार को मनाया।
मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर नगर के हनुमान घाट, मड़इयाघाट, बमघाट, सत्तीघाट, ढेकुलियाघाट और रामघाट ब्रह्मस्थान पोखरा, शीतला माता धाम स्थित पोखरा तथा नागा बाबा की कुटी सहित दोहरीघाट के सरयू तट के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही स्नान करने वाले लोगों का तांता लगा रहा। लोगों ने स्नान कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। साथ ही तिल, चावल दानकर रस्म पूरी की। इसके बाद घाटों पर स्थित मंदिर पर पूजन अर्चन किया। साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर लगने वाले मेले में गहमागहमी रही।
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सहादतपुरा मुहल्ला स्थित ब्रह्मस्थान पर सुबह से ही मेला लगा हुआ था। श्रद्घालुजन मंदिर में दर्शन पूजन कर ब्रह्म बाबा से मन्नत मांगी। इस अवसर पर लगे मेले में बच्चों ने झूले तथा चटपटी वस्तुओं का लुत्फ उठाया। बच्चों ने पूरे दिन घूमकर पतंगबाजी कर खिचड़ी पर्व को मनाया। पिपरीडीह संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में मकर संक्रांति का पर्व परंपरागत ढंग से से मनाया गया। क्षेत्र के वनदेवी धाम में सुबह से ही श्रद्घालुओं का रेला लगा रहा। इस दौरान मंदिर पर भजन कीर्तन होता रहा। मंदिर पर लगे मेले का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। मंदिर पर लाई, चूरा तथा रेवड़ी की दुकानें सजी हुई थी।
श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में लगाई डुबकी
दोहरीघाट। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाकर दान पुण्य किया। सबसे ज्यादा भीड़ कस्बे के रामघाट पर रही। सुबह से ही रामघाट पर स्नानार्थियों का जमावाड़ा लगा रहा। पर्व पर जहां मंदिरों भगवान को स्नान कराया गया। इसके बाद नगर के हर मंदिरों के पुजारियों ने भगवान को नया वस्त्र पहनाते हुए उन्हें गुड़, तिल का भोग लगाया। वहीं रामघाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर चावल, तिल, गुड़ आदि का दान किया।
नगर में निकली भगवान की शोभायात्रा
दोहरीघाट। कस्बे के रामघाट पर चल रहे 15 दिवसीय अखंड हरिकीर्तन का शनिवार को संपन्न हो गया। समापन के अवसर पर भगवान राम श्याम की शोभायात्रा नगर में निकाली गई। यात्रा पूरे नगर का भ्रमण करते हुए पुन: रामघाट पर पहुंची। वहीं हवन पूजन के साथ प्रसाद वितरण हुआ। शोभायात्रा में पूर्व चैयरमैन गुलाब चंद गुप्त, पुजारी बबलू बाबा, श्याम बाबा, राहुल वर्मा, चंदन शर्मा, रिंकू, सेचू, कल्पनाथ यादव, उज्ज्वल जायसवाल आदि शामिल रहे।
बाबा मेला राम मंदिर पर चढ़ा महा खिच्चड़
दोहरीघाट। मकर सक्रांति पर दोहरीघाट में सरयू नदी में क्षेत्र के आसपास तथा दूरदराज क्षेत्र से आए सैकड़ों लोगों ने नदी स्नान करके सूर्य नमस्कार, पूजन व दान पुण्य किया। वहीं कस्बा स्थित परम तपस्वी संत बाबा मेला राम मंदिर में दर्शन करने, खिच्चड़ चढ़ाने एवं मन्नत मांगने वाले भक्तों का हुजूम उमड़ा पड़ा। दशकों से चली आ रही पुरानी परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी बाबा मेला राम मंदिर में दर्शन करने खिच्चड़ चढ़ाने तथा मन्नत मांगने वाले भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। मंदिर में महा खिच्चड़ प्रसाद चढ़ाया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी महंत मेलाराम शिष्य पुत्र प्रकाश मुनि,अजय गुप्ता,संतोष साहनी, वृजेश साहनी, प्रेमचंद वर्मा, सुख्खल साहनी, पांचू नंदू आदि शामिल रहे।
समरसता सहभोज का किया आयोजन
कोपागंज। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम सभा ढांढ़ा चंवर के जूनियर हाई स्कूल के प्रांगण में शनिवार को मकर संक्रांति पर्व पर भाजपा ने खिचड़ी भोज का कार्यक्रम रखा। इस भोज में भाजपा के गोरक्षा प्रांत के महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि हिंदू समाज का एकजुट होना बहुत जरूरी है। हिंदू समाज एकजुट होगा तभी राष्ट्र विरोधी शक्तियां अपने उद्देश्य में सफल नहीं होगी। उन्होंने विभिन्न दलों के गठबंधन पर सवाल उठाया। भाजपा नेता भारत भीम जनार्दन ने कहा कि विपक्षी दल किसी भी दल से गठबंधन कर लें। लेकिन सामाजिक एकजुटता के बल पर भाजपा यूपी में फिर सरकार बनाएगी।
उन्होंने दावा किया के भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर 300 से ज्यादा सीटें जीत कर सत्ता में आएगी। भीम जनार्दन चौहान ने कहा कि दारा सिंह चौहान ने कभी भी चौहान बिरदारी का हित नहीं किया। इस बार चुनाव में चौहान बिरादरी दारा सिंह जैसे जाति के ठेकेदारों को सबक सिखाएगी। इस अवसर पर ओमप्रकाश चौहान, रामप्रसाद चौहान, संतोष सिंह परमहंस राजभर, देवनारायण गोंड, बब्बलू चौहान गुलाब चौहान धर्मेंद्र चौहान, फूलचंद चौहान बीरबल चौहान आदि लोग मौजूद थे।
आरएसएस की शाखा में मजबूत होता है समरसता का भाव
घोसी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा शनिवार को स्वामी विवेकानंद विद्यालय के प्रांगण में मकर संक्रांति उत्सव मनाया गया ।इस अवसर पर सह भोज का आयोजन किया गया। संघ के जिला प्रचार प्रमुख भुवेश श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि मकर संक्रांति उत्सव संघ के छह कार्यक्रमों में ठीक है। समाज को समरस बनाने का यशस्वी साधन केवल संघ की शाखा है। संघ की शाखा में समरसता का भाव पैदा होता है। इसी माध्यम से हिंदू समाज को संगठित कर राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए पूरे मनोयोग से कार्य हो रहा है। जिस प्रकार एवं चावल को मिलाकर खिचड़ी बन जाती है उसी प्रकार हिंदू समाज के सभी सभी जातियों को मिलकर समाज को समरस करना होगा, तभी राष्ट्र का विकास संभव है। सह भोज कार्यक्रम में जिला कुटुंब प्रबोधन प्रमुख डॉ मनोज कुमार वैद्य, नगर कार्यवाह अजय बहादुर, सह नगर कार्यवाह राजेश विश्वकर्मा, नगर शारीरिक प्रमुख अमित , नगर व्यवस्था प्रमुख आर्य, घोसी व्यापार मंडल अध्यक्ष रस्तोगी, बस्ती प्रमुख अरुण उपस्थित रहे।
सहभोज से बढ़ती है सामाजिक समरसता
चिरैयाकोट। क्षेत्र के खाकी बाबा कुटी के प्रांगण में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ चिरैयाकोट की ओर से शनिवार को मकर संक्रांति के अवसर पर सामाजिक समरसता सहभोज का आयोजन किया गया। इस भोज में कस्बा आस पास के सैकड़ों लोगों ने खिचड़ी का स्वाद चखा। इस अवसर पर आरएसएस अध्यक्ष श्री निवासचंद गुप्ता ने बताया कि सामाजिक सहभोज विभिन्न समाज के लोगो को व उसमे मधुर संबंध बनाये रखने के लिए किया जाता है। मुख्य अतिथि खंड कार्यवाह अनिल सिंह ने कहा कि यह भोज समाज की एकजुटता बढ़ाने का कार्य करता है ।अध्यक्षता एवं संचालन श्रीनिवास चंद गुप्ता ने किया। इस आयोजन में शक्ति सिंह, अविनाश लाल श्रीवास्तव , अजय सिंह, योगेश प्रताप सिंह, चौहान, राम नगीना सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।