नगर के खीरीबाग स्थित मदरसा तालीमुद्दीन में आयोजित सम्मान समारोह में मौजूद मदरसा शिक्षक।
- फोटो : mau
टीचर्स एसोसिएशन मदारिस ए अरबिया के तत्वावधान में नगर के तालीमुद्दीन निस्वा इंटर कॉलेज खीरीबाग में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी रहे। मुख्य अतिथि ने मदरसा शिक्षकों को सम्मानित किया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मोदी और योगी सरकार यह जान ले कि सबका साथ सबका विकास का नारा तबतक पूरा नहीं होगा जबतक मुसलमानों के साथ-साथ मदारिस ए अरबिया के लोगों को साथ लेकर नहीं चलेंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती है तो वह यह समझ लें कि हम साथ चलने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मदरसों के शिक्षकों को एक साथ होकर संघर्ष करना होगा। कहा कि प्रदेश का शिक्षक तभी कुछ पाया जब प्राथमिक से लेकर सभी विद्यालय के शिक्षक एकजुट हुआ। जो शिक्षकों की उपेक्षा करता था उसे भी आपकी एकजुटता के कारण अपने पद से हटना पड़ा। जो कौमें संघर्ष नहीं करतीं वह समाप्त हो जाती हैं इसलिए आपको संघर्ष करना ही होगा। इसके पूर्व असअद नोमानी ने अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण कर किया।
टीचर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव दीवान साहब जमॉं ने आधुनिक शिक्षकों तथा मदरसे के शिक्षकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। समारोह को विनोद कुमार पांडेय, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जयनारायण द्विवेदी, मुफ्ती अनवर अली, दिग्विजय पांडेय, देवभास्कर तिवारी, मौलाना इफ्तेखार अहमद, राहुल राय, दीनदयाल राय आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मौलाना शाहनवाज, मौलाना अशरफुल हसन, आदिल अदरवी, इरशाद अहमद, छात्र नेता सईदुर्रहमान, सलाहुद्दीन, फिरोज अहमद, मौलाना अजीजुर्रहमान के अतिरिक्त भारी संख्या में शिक्षक तथा प्रधानाचार्य एवं प्रबंधकगण उपस्थित रहे।