मऊ जिला मुख्यालय स्थित बैंक शाखाओं पर तो कुछ हद तक सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है लेकिन कस्बों और बाजारों सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बैंक शाखाओं और लघु शाखाओंपर इसका पालन नहीं हो रहा है। इन शाखाओं पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लग जा रही है। इनमें से अधिकांश संख्या महिलाओं की दिख रही है। ये महिलाएं जनधन खातों में आए पांच सौ रुपयों का पता लगाने के लिए सुबह से जुट जा रही हैं। बैंक शाखाओं पर दो दो पुलिस कर्मियों की ड्युटी लगती है। पुलिस कर्मियों और बैंक कर्मियों की लापरवाही से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया जा
रहा है। लाकडाउन के बाद बैंकों का कार्यकाल दस से दो बजे का हो गया है। रानीपुर क्षेत्र के पलिया, कोपागंज के कसारा मोड़ पर ग्रामीण बैंक सहित कई लघु शाखाओं पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। समाजसेवी अरविंद मूर्ति कहते हैं कि बैंक अधिकारियों और पुलिस को चाहिए कि बैंक पर आने वालों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाना चाहिए। इसी प्रकार किसान नेता देवप्रकाश राय कहते हैं कि बैंक शाखाओं, कोटेदारों की दुकानों, किराने की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के प्रति जागरूक करना चाहिए।