मऊ। रामपुर थाना क्षेत्र के फतहपुर मंडाव गांव में कच्ची शराब तस्करी का विरोध करने पर सपा की प्रदेश सचिव के घर पुलिस के सामने तोड़फोड़ की गई। शिकायत के बाद भी स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने डीएम और एसपी से शिकायत की, बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
सपा की प्रदेश सचिव फतहपुर मंडाव निवासी ममता चंद्रा ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया गांव में उनका इंटर कॉलेज है। देवारा इलाके के कुछ लोग कॉलेज के सामने कच्ची शराब की बिक्री करते हैं, जिससे वहां हमेशा शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है।
बीते 24 मई को उनके पुत्र और पति ने शराब की तस्करी करते हुए देखा गया, जिसपर आरोपी ने दोनों को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस से शिकायत करने के लिए पति और पुत्र रामपुर थाने पर बैठे थे, तभी आरोपी 30 से 40 युवकों के साथ घर पहुंचकर गाली देने लगे। सूचना पर उपनिरीक्षक अपनी टीम के साथ पहुंचे लेकिन कोई असर नहीं पड़ा। पुलिस के सामने ही बदमाशों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ किया और चले गए। ये घटना बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
दो दिन बाद पति डायलिसिस कराकर जिला मुख्यालय से लौट रहे थे। रात के करीब नौ बजे कुछ बमदमाशों ने गाड़ी को इंदारा से कसारा के बीच घेर लिए और हमला करने लगे। किसी तरह जान बचाकर मझवारा पुलिस चौकी पर पहुंचे, वहां की टीम ने अपनी सुरक्षा में मधुबन थाना क्षेत्र की सीमा तक पहुंचाया।
मधुबन सीओ अभय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, इस मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसा कार्रवाई की जाएगी।