इटौरा चौबेपुर गांव में मिनी स्टेडियम बनवाने की मांग और धर्मसीपुर में आवंटन में धांधली को लेकर ग्रामीणों ने तहसील दिवस पर प्रदर्शन किया।
ब्लाक परिसर में आयोजित तहसील दिवस पर जिलाधिकारी को तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए सैकड़ों लोगों ने शिकायती पत्र सौंपते हुए अपनी समस्याएं बताईं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने धर्मसीपुर के लेखपाल को हटाने का निर्देश देते प्रकरण की जांच कराकर पात्रों को भूमि आवंटित किए जाने का मातहतों को निर्देशित किया।
तहसील दिवस पर मौजूद न रहने पर जिला आबकारी अधिकारी का वेतन रोकने का आदेश दिया। इसके अलावा घाेसी और सदर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन मंगलवार को आयोजन किया गया।
मुहम्मदाबाद गोहना के ब्लाक परिसर में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस पर विभिन्न प्रकार के कुल 113 शिकायती पत्र दिए गए। इसमें से मात्र 9 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
सर्वाधिक मामले भूमि व राजस्व मामले से संबधित थे। इटौराचौबेपुर गांव के दर्जनों लोगों ने गांव में मिनी स्टेडियम की मांग को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन किया।
लोगों का कहना है कि बड़ी आबादी होने के बावजूद गांव में खेलकूद के लिए मैदान नहीं है। चकबंदी के दौरान खेल मैदान की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जिलाधिकारी ने चंकबंदी अधिकारियों को प्रकरण की जांच कराकर यथोचित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। धर्मसीपुर गांव के लोगों ने गांव में अपात्र लोगों को भूमि आवंटित किए जाने को लेकर प्रदर्शन किया, साथ ही प्रकरण की जांच कराकर पात्र लोगों को जमीन आवंटित किए जाने के लिए प्रार्थना पत्र दिया ।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को तत्काल संबधित लेखपाल का हल्का बदलने का आदेश दिया, साथ जांच कराकर पात्र व्यक्तियों को भूमि आवंटन के लिए निर्देशित किया।
क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने भूमि पैमाइश के संबंध में शिकायती पत्र देते हुए पैमाइश कराने का प्रार्थना पत्र दिया। कस्बा के सैयदवाड़ा मुहल्ला निवासी कौसेन अख्तर ने मुहल्ला में डूडा द्वारा कराए जाने वाले इंटरलाकिंग में व्यापक अनियमितता की शिकायत की ।
इस पर जिलाधिकारी ने डूडा के परियोजना अधिकारी को तलब किया और जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज करने के लिए निर्देशित किया।
कुछ अन्य कस्बे वासियों ने भी डूडा विभाग के खिलाफ बिना कार्य कराए ही भुगतान करने का आरोप लगाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सीआरओ को मौके पर जाकर जांच करते हुए रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
तहसील दिवस के बाद जिलाधिकारी ने ब्लाक के लोहिया गांव पट्टी में जाकर चौपाल लगाई। चौपाल के दौरान खड़ंजा निर्माण में दोयम दर्जे की ईंट लगाने की शिकायत पर उन्होंने मौके के मुआयना किया।