सदर उपनिबंधक कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते दस्तावेज लेखक और ई स्टाम्प वेंडर।स्रोत:स्वयं
तहसील सदर में शुक्रवार को बार एसोसिएशन, दस्तावेज लेखक संघ और अन्य संगठनों ने ई-रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल के तहत निबंधक मित्र तैनात करने के प्रस्ताव के विरोध में हड़ताल की। उनका आरोप है कि इस नई व्यवस्था से उनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
यह विरोध महानिरीक्षक निबंधन, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ द्वारा चार जून 2026 को जारी आदेश के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों में अजय कुमार, राम सिंह, चंद्रशेखर सिंह, सूर्यनारायण कश्यप, संजय सिंह, त्रिलोकी, घनश्याम सिंह, सुनील कुमार सिंह, सुनील पांडे, संतोष कुमार सिंह, रोहित वर्मा और दीपक कुमार राय आदि शामिल रहे।
उनका आरोप है कि प्रस्तावित व्यवस्था से दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता और ई-स्टाम्प विक्रेता प्रभावित होंगे। टाइपिंग कार्य से जुड़े लोगों के रोजगार पर भी असर पड़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा और रजिस्ट्री प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप की संभावना बढ़ जाएगी। संगठनों ने शासन से उक्त आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की है। हड़ताल के कारण तहसील परिसर में रजिस्ट्री और अन्य संबंधित कार्य ठप रहे।