रानीपुर थाना क्षेत्र के चाल्हा गांव के प्रधान हरेंद्र चौहान सहित 25 लोगों के विरुद्ध पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि सभी लोग सड़क और बंजर जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर रहे थे।
लेखपाल द्वारा सीमांकन के बाद अनुमति न दिए जाने पर लोग विरोध में आ गए। उपनिरीक्षक राजकुमार की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीते नौ जून को डायल 112 पर विनोदपुर गांव निवासी अमरनाथ सिंह ने सूचना दी थी।
सूचना पर उपनिरीक्षक राजकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां कुछ लोग बिना अनुमति के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे।
जांच के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल अंकित उपाध्याय ने बताया कि गाटा संख्या 148 की 0.143 हेक्टेयर भूमि ग्राम तियरा के सरकारी सड़क खाते में दर्ज है, जबकि गाटा संख्या 26 की 0.175 हेक्टेयर भूमि नवीन परती तियरा के रूप में दर्ज है। लेखपाल ने प्रतिमा स्थापित करने से मना किया था।
इसके बावजूद चाल्हा निवासी ग्राम प्रधान हरेंद्र चौहान, तियरा निवासी वकील राम, ओमकार, बलवंत, धर्मेंद्र, शिवशंकर, अनिल, शिव, पंकज और विनोदपुर निवासी विवेकानंद गौरव के अलावा 15 अज्ञात लोग अवैध कब्जे की नीयत से बिना सरकारी अनुमति के प्रतिमा स्थापित कर रहे थे।
इससे गांव में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई। मना करने पर सभी लोग आक्रोशित हो गए। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।