रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री।
- फोटो : mau
पूर्वोत्तर रेलवे ने गुरुवार को चार रेलवे स्टेशनों के बीच अंडर पास निर्माण के चलते 6 घंटे का मेगा ब्लाक लिया। इसके चलते मंडुआडीह-भटनी पैसेंजर अप-डाउन निरस्त रही। जबकि तीन ट्रेनों को बदले रूट से रवाना किया गया। उधर मेगा ब्लाक के चलते ट्रेनों के निरस्तीकरण और रूट डायवर्जन की जानकारी ना मिलने से यात्री भीषण गर्मी में हलकान रहे।
गुरुवार को रेलवे द्वारा मऊ जंक्शन-इंदारा जंक्शन के गेट नंबर तीन और जखनिया-दुल्लहपुर स्टेशन के गेट नंबर 14 सी पर अंडरपास के निर्माण के चलते सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक काम चला। दोनों साइड का रेलवे ट्रैक बाधित रहने के कारण मंडुआडीह-भटनी पैसेंजर अप और डाउन दोनों निरस्त रही। जबकि लखनऊ से वाराणसी सिटी जाने वाली डाउन कृषक एक्सप्रेस मऊ जंक्शन आने के बजाए भटनी से टर्मिनेट होकर वापस लखनऊ रवाना की गई।
वहीं सीतामढ़ी से आनंद विहार जाने वाली अप लिच्छवी एक्सप्रेस भी मऊ के बजाए भटनी, बलिया वाया गाजीपुर होते हुए निकली। प्रयागराज से मऊ आने वाली डीएमयू भी मंडुआडीह से ही टर्मिनेट होकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई।
मेगाब्लाक की सूचना ना होने और वाराणसी, दुल्लहपुर, जखनिया, बेल्थरारोड, भटनी आदि जगहों पर जाने वाले यात्रियों को कृषक, लिच्छवी एक्सप्रेस के बदले रूट और भटनी पैसेंजर के निरस्त होने के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी दूर दराज से आने वाले यात्रियों और उनके परिवार को हुई। इस दौरान कई यात्री जहां रोडवेज बस या दूसरे वाहनों से रवाना हुए तो वहीं कुछ ने अपनी यात्रा ही कैंसिल कर दी।
उधर, ट्रेन नहीं होने से गर्मी में यात्रियों को परेशानी हुई। जबकि पीने के पानी के लिए भी उन्हें भ्ाटकना पड़ा।