मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव में शादी समारोह के दौरान एक मजदूर करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह सीढ़ी पर कुछ देर चिपका रहा फिर नीचे गिर गया। अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव में शादी समारोह में सजावट करते समय कोपागंज थाना क्षेत्र कोटवा गांव निवासी मजदूर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
यह है मामला
जानकारी के अनुसार कोपागंज थाना क्षेत्र के कोटवा गांव निवासी नागेंद्र (40) पुत्र अमृत दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के बैजापुर गांव में शादी समारोह में सजावट का काम चंदन नामक ठेकेदार ने लिया था। इसी दौरान बार- बार बिजली कट होने के चलते मजदूर नागेंद्र उसे सही करने गया।
सीढ़ी लगाकर वह बिजली सही कर रहा था कि अचानक करंट की चपेट में आ गया। थोड़ी देर तार में चिपकने के बाद नागेंद्र सीढ़ी से नीचे गिर गया। स्थानीय लोगों ने उन्हें आनन-फानन शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और घर पर रहकर खेती करने के साथ मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मजदूर की मौत से परिजन का रो- रोकर बुरा हाल था।