नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को भगवान कृष्ण के जन्म दिवस का पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। रात के 12 बजते ही भए प्रगट कृपाला दीन दयाला .. से पंडाल गूंज उठे। शंख ध्वनि के बीच महिलाओं ने मंगल गीत गाया।
नगर के शीतला माता धाम, मठिया टोला शिवाला, औरंगाबाद, कैलाशपुरी मंदिर, हनुमानघाट, ढेकुलियाघाट, पावर हाउस कालोनी स्थित श्रीराम मंदिर, बाबा बिहारी दास मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। इसके अलावा सहादतपुरा, निजामुद्दीनपुरा सहित विभिन्न मोहल्लों में भगवान कृष्ण की सजीव झांकी सजाई गई। गुरुवार की रात 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्म होते ही शंख नगाड़ों, घंटा घडिय़ालों की ध्वनियों के बीच गगनभेदी जयकारों से पंडाल गूंज उठा। इसके बाद 'धनि देवकी वसुदेव, धन्य यह रोहिणी हो, धनि भादो की रात, कन्हैया जी क जन्म भयो .. आदि मंगलगीतों व सोहर गीत से माहौल भक्तिमय रहा। युवा डीजे पर देर रात तक थिरकते रहे।
रोडवेज दुर्गा मंदिर के पास माखन चोर व राधा कृष्ण की सजीव झांकी को लोग अपलक नेत्रों से देखते रहे। नगर के निजामुद्दीनपुरा हरिजन बस्ती के समीप श्रीकांत पांडेय के आवास के पास सार्वजनिक रुप से भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। इसी तरह बाबा बिहारी दास मंदिर, रेलवे स्टेशन रोड, कम्हरिया, भुजौटी, कृष्ण बिहारी कालोनी, ब्राह्मणटोला आदि स्थानों पर देर रात तक हुए भक्तिगीत कार्यक्रमों में लोग झूमते रहे। रतनपुरा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के रतनपुरा, गाढा, इटैली, कुड़सर, मड़ैली, हलधरपुर थाना सहित विभिन्न इलाकों में जन्माष्टमी की धूम रही। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। रात के 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही भक्तों के जयकारे से वातावरण गूंज उठा। महिलाएं आज नंद द्वारे बधाइयां बाजे के हो लुटावे धेनु गइया... मंगल गीत व सोहर गाने लगी।देर रात तक लोग भक्तिगीत कार्यक्रमों पर झूमते रहे।
बोझीबाजार के विभिन्न इलाकों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही भये प्रगट कृपाला दीन दयाला आदि भजनों से पंडाल गूंज उठा।इसी क्रम में कुड़हनी गाँव में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालु ऊधम सिंह ने धनि यह पंडित लोग,धन्य यह रोहिणी हो। धनि भादों की रात, कन्हैया जी क जन्म भयो है की सोहर-सुरलहरियों से शमां बांधा। बोझी बाजार, सिकटिया स्थित संत दरबारी बाबा की कुटी परिसर, मांदीसिपाह स्थित मां कोयल मर्यादा भवानी मंदिर, भटमीला, अमिला, कटिहारी, खंतिया, अतरसावां, रामपुर, खजुराही आदि गांवों में जन्माष्टमी की धूम रही। पलियामहमूदपुर, सरबसपुर, बड़रावं, करनपुर, कम्हारी, मुजारबुजुर्ग, पीवाताल आदि गांवों में मंदिरों के अलावा कई श्रद्धालुओं ने घरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाकर विधिपूर्वक जन्मोत्सव मनाया।