कोतवाली क्षेत्र के गुरुम्हा के पास मधुबन बेल्थरा रोड मार्ग पर बुधवार को अनियंत्रित ऑटो सड़क के किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। इससे ऑटों में सवार 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को सीएचसी फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। इनमें से गंभीर रूप से चार घायलों को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय एक किशोर की मौत हो गई। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल भी मौत और जीवन के बीच जूूझ रहे हैं।
क्षेत्र के भेड़वरा मल्ल मर्यादपुर गांव निवासी ऑटो चालक राजेश कुमार सवारी भरकर मधुबन के लिए जा रहा था कि जैसे ही गुरुम्हा के समीप पहुंचा था कि उसका ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर पलटकर खाई में चला गया। इस घटना में मर्यादपुर निवासी मोती पाल (55) उसकी पत्नी कौशिल्या (50), रामपुर निवासी अजमल (25), शमा परवीन (23), बेला सुल्तानपुर निवासी पूनम देवी (24 ), सुरेंद्र प्रसाद ( 27), लधुवाई निवासी चंदा देवी (50), जोगरी अलीपुर निवासी मुहम्मद ताविश (13) और नसरीम फातिमा ( 35) तथा कोटिया मर्यादपुर निवासी संजू देवी ( 25) गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर उपस्थित लोगों ने घायलों को सीएचसी फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया। यहां इलाज के बाद मोती पाल, शमा परवीन, पूनम देवी, मुहम्मद ताबिश की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय ताबिश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।