जिले के प्रभारी व खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर आधारित विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि अवैध स्लॉटर हाउस पर कड़ी नजर रखें और गोशाला के लिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने ऊर्जा विभाग, उद्यान, कृषि, ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, नियोजन, पंचायती राज, पर्यटन, प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, श्रम एवं सेवायोजन, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों में संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को समस्त लंबित विवेचनाओं को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। भू-माफियाओं को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। गुंडा एक्ट, गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की।
प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को बूचड़खानों और स्लॉटर हाउस के संबंध में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। ऐसी गतिविधियां पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। जनपद में रेडियोलॉजिस्ट की कमी को देखते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। 15वें वित्त आयोग एवं 5वें राज्य वित्त आयोग में उपलब्ध बजट के अनुसार कार्ययोजना तैयार कर कार्य करने को कहा। प्रत्येक विकासखंड में वृहद गौशालाओं के निर्माण के लिए यथाशीघ्र जमीन चिन्हित करते हुए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
उपायुक्त उद्योग को लाभार्थियों की संख्या एवं उन्हें उपलब्ध कराई गई धनराशि की सूची सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मधुबन विधायक रामविलास चौहान, जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी आदि उपस्थित रहे।