करहां से बैजनाथ धाम के लिए रवाना होती कांवरियों की टोली। संवाद
मऊ। जिले के शिवालयों में रविवार को ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गंगा जल लाने के लिए विभिन्न इलाकों से कांवड़ियों का जत्था गाजीपुर के लिए रवाना हुआ, जो वहां से गंगा जल भर कर सोमवार को पैदल ही लौटेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। शिवालयों और मंदिरों को सजाने संवारने का कार्य पूरा कर लिया गया।
भीड़ को देखते हुए जिले के 125 प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती कर दी गई है। खास तौर से पक्का पोखरा शिवमंदिर, शीतलामाता धाम, गाजीपुर तिराहा स्थित शिव मंदिर,कतुआपुरा शिवाला, मठियाटोला शिवमंदिर, हनुमानघाट, भीटी स्थित शिवमंदिर, पावरहाउस कालोनी स्थित शिवमंदिर, बालनिकेतन मोड़ स्थित शिवमंदिर और कैलाशपुरी सहित विभिन्न मंदिरों पर कांवड़ियों और शिवभक्तों ने विधि विधान से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया।
तड़के से ही भजन कीर्तन शुरू हो गया था, जो सावन के दूसरे सोमवार के मौके पर पूरे दिन जारी रहेगा। नगर के विभिन्न मुहल्लों से कांवड़िए पावरहाउस स्थित श्रीराम मंदिर पर एकत्र हुए। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद जयकारा लगाते हुए मुख्य मार्ग होते हुए गाजीपुर तिराहा पहुंचे। वहां से गाजीपुर के लिए रवाना हो गए।