मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी भाजपा मऊ के जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य की तहरीर पर के आरोप में पुलिस ने सदर विधानसभा की निर्दल प्रत्याशी खुशबू सिंह, उनके पिता अजय कुमार सिंह और संजीत राजभर के खिलाफ प्राथमिकी की है। जिलाध्यक्ष ने लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से धमकी देने, अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उधर खुशबू सिंह ने कहा कि उनके द्वारा राजनीति में कदम रखने और क्षेत्र में लोगों से स्नेह मिलने के कारण रामाश्रय मौर्य की बौखलाहट बढ़ गई है। इसके चलते सितंबर में घटना होने का हवाला देकर कानूनी कार्रवाई करा रहे हैं।
प्राथमिकी के अनुसार रामाश्रय मौर्य ने बताया कि उनके गांव निवासी अजय सिंह द्वारा 22 सितंबर से लगातार अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से बार-बार उनका नाम लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। फेसबुक पर लाइव आकर और अपमानजनक पोस्ट साझा करके उनकी व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने अजय सिंह द्वारा हमला कराने की आशंका जताई है। जिलाध्यक्ष ने गैंगस्टर की कार्रवाई कराए जाने की मांग की है।
खुशबू सिंह ने बताया कि प्राथमिकी में घटना की तारीख 22 सितंबर 2026 बताई गई है, जबकि प्राथमिकी लगभग 52 दिन बाद दर्ज की गई है। इतनी देरी से प्राथमिकी दर्ज होने के कारणों, शिकायत की वास्तविक पृष्ठभूमि और उपलब्ध साक्ष्यों के जांच आवश्यक है। मैंने मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की अपनी मंशा सार्वजनिक की थी। जिसके तुरंत बाद एक बेबुनियाद प्राथमिकी राजनीतिक रूप से प्रेरित है। उम्मीदवारी और मनोबल को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया है। इन परिस्थितियों से आशंका है कि राजनीतिक कारणों से मेरी छवि खराब करने, डराने और चुनावी गतिविधियों से पीछे हटाने का प्रयास किया जा रहा है।
20 घंटे के अंदर लगा दी गई थी अंतिम जांच रिपोर्ट
खुशबू सिंह ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को मेरे प्रतिष्ठान तीर्थराज मसाले एंड फूड्स पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने खाद्य विभाग की छापेमारी कराई। इस बात का विरोध करने पर 9 जुलाई 2026 को रामाश्रय मौर्य द्वारा हलधरपुर थाना में मेरे पति सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 31 जुलाई को प्रतिष्ठान पर जिलाध्यक्ष के लोग 40 से 50 की संख्या में पहुंचे और मारपीट करते हुए हत्या की धमकी दी। 11 अगस्त को थाना कोतवाली नगर में पति और अन्य लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मारपीट के मामले में भाई अजीत सिंह की शिकायत व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर 12 अगस्त को हलधरपुर थाना में पुलिस ने रामाश्रय मौर्य और तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। राजनीतिक दबाव में आकर पुलिस ने 20 घंटे के अंदर ही अंतिम जांच रिपोर्ट लगाकर मामले को बंद कर दिया था। 23 सितंबर को न्यायालय के आदेश पर दोबारा रामाश्रय मौर्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
कोट -
हलधरपुर थाना में रामाश्रय मौर्य की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। किसी भी आपराधिक मामले में शिकायत मिलने पर जांच में दोषी पाया गया तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। दूसरे पक्ष से अभी किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। यदि शिकायतपत्र मिलती है तो जांच कराकर सत्यता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - सर्वेश कुमार मिश्र, एसपी मऊ