बढुआगोदाम। परदहां ब्लाॅक के विभिन्न साधन सहकारी समितियों पर डीएपी, पोटास का टोटा है। ब्लाॅक क्षेत्र के सभी नौ साधन सहकारी समितियों के गोदामों में डीएपी उपलब्ध नहीं है।
सचिवों के अनिश्चित हड़ताल खत्म होने के बाद भी समितियों में खाद नहीं होने से किसानों को दिनभर चक्कर काटने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, इससे निजी दुकानों पर कालाबाजारी शुरू हो गई है।
परदहां ब्लाक में आठ समिति और एक डीसीएम सहित नौ केंद्र हैं। जिसमें भीटी, बकवल, बख्तावरगंज, इटौरा, रैकवारेडीह, सलाहाबाद और बढुआगोदाम समिति पर खाद नदारद है। इस बार बारिश के चलते अगेती दलहनी और तिलहनी फसलों की बोआई समय से नहीं हो सकी।
अब नवंबर महीने में बुआई ने जोर पकड़ा है और पोटास, डीएपी की मांग बढ़ी है और सचिवों के हड़ताल पर जाने से समितियों पर ताला लटका हुआ था और किसानों को समितियों पर खाद नहीं मिल पा रही हैं।
ऐसे में निजी दुकानदार निर्धारित दाम से 200 से 300 रुपये अधिक लेकर डीएपी और पोटाश दे रहे हैं। इस बाबत एडीओ कोआपरेटिव परदहां आनंद कुमार राय का कहना है कि हड़ताल के बाद एक दिन बाद समितियों पर खाद गई है।
वतर्मान में समितियों पर खाद नहीं है। सभी समितियों ने आरटीजीएस कर दिया है। एक से दो दिनों में डीएपी सभी समितियों पर उपलब्ध हो जाएगी।