नगर पालिका परिषद का मुख्य गेट।
- फोटो : mau
स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में नगरपालिका को देश के 4237 शहरों में 125 वां स्थान मिला। शनिवार को क्यूसीआई द्वारा जारी की गई सूची से इस बात की जानकारी होने पर नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी खासे उत्साहित हैं। अब कर्मचारी नगर पालिका को टॉप टेन की श्रेणी में लाने को जुट गए हैं। इसके लिए मलबा निस्तारण यंत्र लगाने का प्रयास भी तेज कर दिया गया है।
केंद्रीय शहरी एंव ग्रामीण विकास मंत्रालय ने बुधवार को स्वच्छता सर्वे की रेटिंग जारी की। इसमें नगर पालिका को देश भर के 4237 शहरों में 125वां स्थान मिला है। जबकि 2018 में पालिका 278 पायदान पर थीा। इस बार के रेटिंग में प्रदेश के 65 शहरों में मऊ को 11 वां स्थान मिला, जबकि पिछले बार पालिका की रेटिंग 14 वां स्थान थी। बीते दो स्वच्छता सर्वेक्षण में निरंतर बेहतर रैकिंग से नगर पालिका के अधिकारी तथा कर्मचारी उत्साहित है।
नगर पालिका के अधिकारियों की मानें तो यदि मलबा निस्तारण यंत्र यहां रहा होता तो नगर पालिका की ओर भी बेहतर रैंकिंग होती। अधिशासी अधिकारी संजय मिश्र ने बताया कि शहर की जनता का सहयोग मिला तो 2020 के सर्वे में मऊ पूरे देश की सूची में टाप टेन में शामिल होगा।
नपा अध्यक्ष तैय्यब पालकी ने अपेक्षा किया कि शहरवासी और कर्मचारी 2020 के सर्वे के लिए अभी से तैयारी कर पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। बताते चले कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के तहत जनवरी में दिल्ली से आई तीन सदस्यीय क्यूसीआई टीम ने गोपनीय तरीके से नगर पालिका द्वारा हुए विकास कार्यो तथा स्वच्छता अभियान का भौतिक सत्यापन किया गया था।