मुहम्मदाबादगोहना। तहसील क्षेत्र के दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा उत्सव का समापन बृहस्पतिवार को देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ शुरू हुआ। इस दौरान युवा डीजे की धुन पर जमकर थिरके।
देवी प्रतिमाओं का विसर्जन दो स्थानों पर किया जाता है। दो दर्जन से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन मुस्लिम बाहुल्य ग्राम पंचायत खैराबाद अतरारी से होकर तमसा नदी के धौरहरा घाट पर किया जाता है। जबकि 60 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के तमसा पुल और रामघाट पर किया जाता है। खैराबाद से होकर जाने वाली मूर्तियां दिन में लगभग दो बजे विसर्जन के लिए उठाई गईं। मूर्तियां दोपहर बाद 4:30 बजे खैराबाद के मुख्य बाजार में पहुंचीं। मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा जमुना तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। खैराबाद गांव के मुख्य बाजार में मुस्लिम समुदाय ने श्रद्धालुओं के लिए पानी-बिस्कुट और चाय का स्टाॅल लगाया। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के नेतृत्व में जनपद के चारों सर्किल के पुलिस क्षेत्राधिकारी और छह से अधिक थाना प्रभारियों के साथ सैकड़ों पुलिसकर्मी मौजूद रहे। खैराबाद गांव की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। प्रतिमाओं के साथ पुलिसकर्मी और अधिकारी चल रहे थे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा डीजे पर भक्तिगीतों पर नृत्य करते चल रहे थे। देर शाम लगभग 7 बजे खैराबाद अतरारी स्थित धौरहरा घाट पर मूर्तियों का विसर्जन किया गया। दूसरी तरफ मुहम्मदाबादगोहना कस्बा में मूर्तियों के विसर्जन का जुलूस शाम 5 बजे तक शुरू नहीं हो सका था। कस्बे की मूर्तियों का विसर्जन आधी रात तक किया जाता है। सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सिपाहइब्राहिमाबाद : क्षेत्र में स्थापित मां लक्ष्मी, गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस धूमधाम से निकाला गया। जुलूस खड़िचा, रामपुर, बीबीपुर, चकविलायत, दरगाह, सिपाह इब्राहिमाबाद सहित विभिन्न स्थानों से होते हुए निकला। इस दौरान युवाओं ने अबीर, गुलाल उड़ाए।
एसपी ने विसर्जन मार्गों का जायजा लिया
पिपरीडीह। परदहां ब्लाॅक क्षेत्र के पिपरीडीह बाजार में स्थापित मां लक्ष्मी, गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस धूमधाम से निकाला गया। जुलूस पिपरीडीह, खरगजेपुर मजखनी,रेलवे क्रासिंग, उस्मानपुर ताजपुर आदि गांवों में होते हुए निकला। प्रतिमाओं का विसर्जन भैसही नदी में किया गया। मधुबन : थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमाओं का विसर्जन बृहस्पतिवार से शुरू हो गया। क्षेत्र के दरगाह, कोल्हुआ, खड़ीचा, आदमपुर सहित कई गांवों में विसर्जन जुलूस निकाला गया। वलीदपुर: प्रतिमा विसर्जन के विभिन्न मार्गों का पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने निरीक्षण किया। एसपी न खैराबाद बाजार, कस्बे का निरीक्षण किया। खैराबाद बाजार में वॉच टावर पर कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। उन्होंने निर्देश दिया कि वॉच टावर पर एक पुलिसकर्मी अवश्य रहे।