मऊ। मधुबन तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत नेवादा गोपालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक पर बने मतदान केंद्र को बदलने से मतदाताओं में आक्रोश पनप रहा है। अब मतदाताओं को दो किमी दूर जाकर मतदान करना पड़ेगा। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार करने का अल्टीमेटम दिया है।
मधुबन तहसील क्षेत्र के नेवादा गोपालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर पर मतदान केंद्र स्थापित है। यहां लंबे समय से चुनाव होता रहा है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस वर्ष नेवादा गोपालपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर एक पर बने मतदान केंद्र को बदलकर प्राथमिक विद्यालय नं दो पर कर दिया गया है। मतदान केंद्र बदलने से नेवादा गोपालपुर के पुरवा हड़ही, नेवादा के लोगों को दो किमी दूर मतदान करने जाना पड़ेगा।
इस संबंध में ग्राम प्रधान लाल बहादुर गौतम, अमित कुमार तिवारी, रमेश तिवारी, बाबूराम, प्रभुनाथ, बलवंत सिंह, विरेंद्र सिंह, विमलेश कुमार, रामविलास राजभर, मुखलाल, प्रमोद पांडेय, जयप्रकाश तिवारी का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन अभी तक मामले को लटका दिया गया है। नए मतदान केंद्र बनाए जाने से हम लोगों को दो किमी दूर जाना पड़ेगा। मतदान केंद्र को बदले जाने का कारण पता नहीं चल पा रहा है। मतदान केंद्र को पूर्ववत बहाल नहीं किया गया तो हम लोग चुनाव का बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।