पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता करते एडीजी वाराणसी बृजभूषण।साथ में एसपी सुशील घुले।
- फोटो : MAU
मऊ। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जिले में सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से मंगलवार केे एडीजी वाराणसी जोन ब्रजभूषण की अध्यक्षता में पुलिस लाइन में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीजी ने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रित करने के साथ अपराधियों को संरक्षण देने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी अपराधी को संरक्षण देने में शामिल मिलता है तो उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी करें। इस दौरान घोसी कोतवाली पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्य न करने पर उन्हें फटकार लगाई, साथ ही सुधार करने के लिए 15 दिन का समय दिया। कहा कि किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीजी ने बैठक के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जिले में रजिस्टर्ड गैंग के सदस्य जो जमानत पर बाहर है उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। किसी प्रकार की भी अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बोले कि अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित की गई सम्पत्तियों को जब्त कराए जाने की कवायद चल रही है। बोले कि गौकशी को रोकने के लिए पुलिस तेजी से कड़े कदम उठा रही हैं, पुलिस अधिकारियों को गौकशी में शामिल लोगों की सूची बनाकर ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ अपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को संरक्षण देने वाले के विरुद्ध भी ठोस कड़े कदम उठा रही हैं।कहा कि विगत दिनों नियम और शर्तों का उल्लंघन करने पर 45 लाइसेंसी असलहे निरस्त करने के साथ उन्हें थाने में जमा कराया गया है। बोले कि लाइसेंसधारियों के लाइसेंस और कारतूसों के इस्तेमाल में लाइसेंस के नियमों और शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।इस दौरान उन्होंने जिले में हत्या के तीन मामलों का खुलासा न होने पर नाराजगी व्यक्त की। निर्देशित किया कि अपराध की जितनी भी घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ है, उनके जल्द वर्कआउट के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत चुनाव सकुशल संपन्न कराने पर पुलिस अधिकारियों को सराहना की।वहीं घोसी एसओ को संतोषजनक कार्य न करने पर उन्हें फटकार लगाई, साथ ही सुधार करने के लिए 15 दिन का समय दिया। चेताया कि किसी भी दशा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डीआईजी अखिलेश कुमार , एसपी सुशील घुले,एएसपी टीएन त्रिपाठी सहित जिले के समस्त पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।