मऊ। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। अगर आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी या परिवार का कोई सदस्य कोरोना संक्रमित होता है तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से तय निजी कोविड अस्पताल में उसका मुफ्त इलाज होगा।
जिले में संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर के एक निजी अस्पताल को कोविड अस्पताल के रूप में अधिगृहित किया गया है। उधर कोरोना से ग्रसित ऐसे मरीज जो आयुष्मान योजना के तहत आते है। उनका उपचार इस नीजि कोविड अस्पताल में नि:शुल्क होगा। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि योजना के तहत जिले में एक लाख 23 हजार परिवार पंजीकृत हैं। अब तक योजना के तहत पांच हजार से ज्यादा लाभार्थियों का उपचार 11 सरकारी और निजी अस्पतालों में किया जा चुका है। बताया कि योजना के तहत अगर कोई मरीज कोरोना संक्रमण से संक्रमित होता है और वह योजना में शामिल निजी अस्पताल जिसे स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड अस्पताल के रूप में चिह्नित किया गया है। उसमें इलाज नि:शुल्क करा सकता है। योजना के तहत मरीज के इलाज में खर्च होने वाली राशि का वहन सरकार करेगी।