कोपागंज। एल टू अस्पताल में कोपागंज कस्बे के देवकली निवासी कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को चादर में लपेट कर देने का आरोप मृतक के पुत्र ने लगाया है। नियमानुसार संक्रमित मरीज की मौत के बाद शव थ्रीलेयर बैग में देना चाहिए। हालांकि सीएमओ ने युवक के आरोप को बेबुनियाद बताया है।
मृतक के पुत्र का आरोप है कि चार दिन पूर्व पिता की तबियत खराब हुई तो कोपागंज सीएचसी और जिला अस्पताल एक चिकित्सक ने भर्ती करने से इनकार कर दिया। निजी अस्पतालों के चिकित्सकों ने भी उपचार करने से इंकार कर दिया। जिला अस्पताल ने कोविड टेस्ट में पॉजिटव आने पर बीते शुक्रवार को परदहा स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां शनिवार को उनकी मौत हो गई। आरोप लगाया कि एल-2 अस्पताल में शनिवार को पिता की मौत होने पर शव को चादर में लपेट कर सुपर्द कर दिया गया। हालांकि मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीश चंद्र सिंह ने युवक के आरोप को निराधार बताया। कहा कि शव को थ्रीलेयर बैग में शव को पैक करने के बाद ऊपर से चादर से ढका गया था।