नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में कई संगठनों की ओर से रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
चौरसिया समाज की ओर से रविवार को एक मैरिज हाल में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि नगर पालिकाध्यक्ष शाहीना जमाल ने कहा कि होली मिलन से समाज में सौहार्द व सद्भाव का रंग चटख हो जाता है।
इसी क्रम में जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार शिवा ने कहा कि होली मिलन समारोह के बहाने हम अपने समाज के सुख दुख में साझीदार होते हैं।
समारोह में समाज के पूरे जनपद के कोने-कोने से आए हुए स्वजातीय बंधुओं ने आपसी कटुता भुलाकर समाज के लिए काम करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कलाकारों द्वारा पेश फागुनी गीतों पर लोग झूमते रहे।
इस मौके पर विंध्याचल चौरसिया, अशोक चौरसिया, उमाशंकर चौरसिया, महेंद्र चौरसिया, मोहन चौरसिया, मोहन चौरसिया, विजय चौरसिया, रामवृक्ष चौरसिया, पूनम चौरसिया, शीला चौरसिया, रिंकी चौरसिया आदि शामिल थे।
इसी क्रम में अखिल भारतीय प्रजापति महासंघ की ओर से नगर के भीटी स्थित सुदामी देवी शिक्षा निकेतन के सभागार में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
इसमें दूर दराज से आए स्वजातीय बंधुओं ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि समाज में जब तक उच्च शिक्षा का प्रतिशत नहीं बढ़ेगा तब तक तरक्की संभव नहीं है।
स्वजातीय बंधुओं को अपने खर्च में कटौती कर बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने की जरूरत है। समाज में नशाखोरी तथा व्याप्त कुरीतियों को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।