गुरु पूर्णिमा पर गुरादरी धाम में महंत धुरंधर महाराज से आशीर्वाद लेते भक्त। संवाद
नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न संगठनों की तरफ से विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कई स्थानों पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। साथ ही भंडारे में शामिल होकर लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया।
दोहरीघाट : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों ने सदगुरु महाराज का चरण पखार कर चरण वंदना की। 12 घंटे का अखंड अनुष्ठान किया गया। कार्यक्रम के दौरान सद्गुरु और आदि शक्ति के जयकारों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर सुरेंद्र राय, फूलचंद यादव, नित्यानंद त्रिपाठी, प्रभु नाथ यादव, रितेश, अखिलेश्वरानंद, अर्जुन, रमेश आदि शामिल थे।
चिरैयाकोट : क्षेत्र के सरसेना बाजार के पास स्थित सतगुरु आश्रम परिसर में गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया। दूर-दराज सहित गैर-जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने मठ के पोखरे में स्नान करने के बाद गुरु प्रसाद लेकर अपने को धन्य किया।
हरिशंकर धर्मार्थ ट्रस्ट स्वरूप आश्रम सरसेना के महंत बाबा पशुपति दास ने गुरु की महिमा का बखान किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।