मऊ। शासन प्रशासन की तरफ से तमाम जारी निर्देश के बाद भी शिक्षकों के कार्यप्रणाली में सुधार नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने घोसी ब्लॉक क्षेत्र के कई विद्यालयों का निरीक्षण किया तो मामला प्रकाश में आया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को घोसी ब्लाॅक क्षेत्र के इटौराडोरीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। शेष शिक्षक सामूहिक रुप से प्रधानाध्यापक कक्ष में बैठे पाए गए। कमरों में बच्चे उपस्थित नहीं मिले। बीएसए ने प्रधानाध्यापक भारत भूषण सिंह को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही आरोप पत्र जारी किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने घोसी ब्लाॅक क्षेत्र के इटौराडोरीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तो तमाम अनियमितता मिली। प्रधानाध्यापक भारत भूषण सिंह बिना किसी सूचना के विद्यालय से गायब मिले। शिक्षक भी शिक्षण कार्य करने के बजाय प्रधानाध्यापक कक्ष में बैठे मिले। बच्चे विद्यालय परिसर में घूमते पाए गए। बच्चों की उपस्थिति पंजिका पर उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। सिर्फ कक्षा एक के बच्चों की उपस्थिति प्रधानाध्यापक द्वारा एक दिन पूर्व ही अग्रिम रुप से दर्ज किया जाना पाया गया। एमडीएम पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि चार अप्रैल 2025 को मध्याह्न भोजन ग्रहण करने वाले बच्चों की संख्या पंजिका में दर्ज नहीं किया गया था। जानबूझकर एमडीएम पंजिका में अधिक संख्या दर्शाई जाती है। जो वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। शौचालय में ताला बंद पाया गया। कंपोजिट ग्रांट का विवरण प्राप्त नहीं कराए जाने सहित तमाम अनियमितता मिली। बीएसए ने प्रधानाध्यापक को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही आरोप पत्र जारी किया है। बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।