मऊ। बीते शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के चिस्तीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में विद्यालय बंद मिला। बीएसए ने प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने गत पांच अप्रैल को कोपागंज ब्लॉक क्षेत्र के चिस्तीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में विद्यालय बंद मिला। विद्यालय मेें कार्यरत शिक्षकों पर प्रधानाध्यापक का नियंत्रण नहीं था। विद्यालय में समय प्रबंधन का अनुपालन नहीं होना पाया गया।
विभागीय उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशोें का अनुपालन नहीं करना पाया गया। बीएसए ने प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए प्राथमिक विद्यालय चिस्तीपुर की प्रधानाध्यापिका उमा देवी को निलंबित कर दिया। प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी रानीपुर सुनील कुमार सिंह और खंड शिक्षा अधिकारी घोसी को जांच अधिकारी सहित दो सदस्यीय टीम गठित किया है। जांच टीम 15 दिन के अंदर रिपोर्ट सौपेंगी।
बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय बंद मिलना गंभीर मामला है। प्रकरण की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।