दोहरीघाट में हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा।
- फोटो : mau
नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को हनुमानजी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की तरफ से गाजे बाजे के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। हनुमान मंदिरों पर विशेष साज सज्जा के साथ पूजा पाठ सहित धार्मिक अनुष्ठान किए गए। नगर के हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं के जयकारे से वातावरण गुंजायमान हो गया।
नगर के हरिकेशपुरा, हट्ठीमदारी, आजमगढ़ मोड़, सहादतपुरा, बढ़ु़आ गोदाम सहित जिले के विभिन्न इलाकों के हनुमान मंदिरों में सुंदर कांड का पाठ किया गया। फूलों से बजरंग बली का श्रृंगार किया गया। नगर के ढेकुलियाघाट स्थित त्रिदेव धाम मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
कई जगह हनुमान जी को चना और गुड़ का प्रसाद चढ़ाया और कई जगहों पर महाआरती का आयोजन भी किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती की। श्रद्धालुओं की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया।
अमिला ःहनुमान जयंती के अवसर पर कस्बा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में अखंड श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन किया गया। कुसुम्हा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के कुसुम्हा दुलेश्वरी कान्वेंट स्कूल के प्रांगण में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई। नगर के रेलवे क्रासिंग बाल निकेतन स्थित हनुमानगढी स्थित मंदिर पर सुंदरकांड का संगीतमय पाठ किया गया। मधुबन ः तहसील क्षेत्र के नंदौर स्थित नवनिर्मित हनुमान मंदिर में पांच दिनों से चल रहे प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान का समापन शुक्रवार को हवन कन्या पूजन तथा भंडारे के साथ संपन्न हो गया। दोहरीघाट मार्ग स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल के समीप हनुमान मित्र मंडली द्वारा एक दिवसीय सुंदर कांड, हनुमान कथा के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दोहरीघाटः कस्बे के रामघाट पर स्थित हनुमान मंदिर समिति द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें मनमोहक झांकियों को देख लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
इंदाराः हिंदू युवा वाहिनी द्वारा शुक्रवार को इंदारा में समरसता सहभोज का कार्यक्रम रामजानकी मंदिर में आयोजित किया गया।