मऊ। जिला एड्स नियंत्रण सोसाइटी की तरफ से शुक्रवार को रेडरन मैराथन (युवा उत्सव) के अवसर पर नगर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज में एचआईवी एड्स विषय पर संगोष्ठी एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता का आयेजन किया गया।
कार्यक्रम में सोनीधापा इंटर कॉलेज की छात्रा रीमा यादव और रंजना, नीलम ने गीत के माध्यम से लोगों का स्वागत किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में गुड़िया ने पहला, खुशबू ने द्वितीय और सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पांच अन्य ट्रांसजेंडर प्रतियोगियों को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में नगद पुरस्कार में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 1500 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को एक हजार रुपये एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को पांच सौ रुपये दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत एडीएम सत्यप्रिय सिंह ने दीप जलाकर किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से युवाओं में जागरूकता पैदा होती है, जो समय-समय पर होनी चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ-साथ आम जनमानस को भी एचआईवी एड्स से होने वाले दुष्प्रभाव तथा उसके बचाव के संसाधनों के प्रति जागरूक होना चाहिए। इसी क्रम में पीएन सिंह ने ट्रांसजेंडर एवं एचआईवी पॉजिटिव के प्रति होने वाले भेदभाव पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. आर के सिंह, एसीएमओ डॉ. बीके यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार, रामबाबू त्रिपाठी पीडी आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सूर्य भूषण द्विवेदी ने किया। संगोष्ठी में सीपीएम नागेंद्र पांडेय, मनीष, बृजेंद्र, अनुपम, मुरली के साथ एनसीसी व एनएसएस और डीसीएसके पीजी कॉलेज के छात्र और शिक्षक शामिल रहे।