कलेक्ट्रेट पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते जिला मंत्री अखिलेश्वर शुक्ला।
- फोटो : mau
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शिक्षकों ने विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। धरना देने के बाद शिक्षक जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां सीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
संगठन के अध्यक्ष कृष्णानंद राय ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय का विलय करते हुए कक्षा एक से आठ तक विद्यालय संचालन करने का फरमान जारी किया गया है। जो कि परिषद की नियमावली के विपरीत है। बेसिक शिक्षा परिषद की तरफ से माह जुलाई मेें प्रदेश के समस्त ग्रामीण तथा नगरीय विद्यालयों में नवीन पद सृजन करते हुए जनपदवार पीडीएफ फाइल बनाकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजी गई है। जिसमें प्रदेश के कुल 158868 विद्यालयों में से मात्र 32033 विद्यालयों में ही प्रधानाध्यापकों के पद सृजित किए गए हैं। ऐसे में प्रदेश के 126835 विद्यालय प्रधानाध्यापकविहीन हो गए हैं।
कहा कि शैक्षिक सत्र 2018-19 के आरंभ में प्रदेश में कार्यरत लगभग 35 हजार शिक्षकों ने अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन किया, लेकिन सिर्फ12 हजार शिक्षकों का ही तबादला किया गया।
स्थानांतरण की सामान्य सूची आज तक जारी नहीं की जा सकी। कहा कि अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए निर्धारित सेवा अवधि पांच वर्ष से घटाकर एक वर्ष की जाए। प्रति स्वेटर तथा यूनिफार्म की कीमत दो सौ रुपये से बढ़ाकर 400 रुपया की जाए। मृतक शिक्षकों के आश्रितों को बीटीसी तथा टीईटी उत्तीर्ण होने पर भी शिक्षक पद पर नियुक्ति नहीं दी जा रही है। शिक्षकों के सामूहिक बीमा की धनराशि 10 लाख किया जाए। ताकि शिक्ष्ाकों को इसका लाभ मिल सके।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 20 दिसंबर को शिक्षक निदेशालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने को राधेश्याम राम, प्रवीण कुमार राय, रविंद्र प्रसाद मौर्य, रमाकांत यादव, धीरेंद्र राय, अखिलेश्वर शुक्ल आदि ने संबोधित किया।